रिपोर्ट :- जियाउल खान, लखनपुर सरगुजा
सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र से मारपीट का मामला सामने आया है। यहां जमीन में पत्नी के हिस्से को लेकर हुए विवाद के बाद दामाद के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसके ससुर ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर मारपीट की। वहीं ससुर के घर मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने लकड़ी के फारे से उसके माथे पर वार कर दिया, जिससे माथे में चोट लगने के बाद खून निकलने लगा। पीड़ित ने लखनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रभु पैकरा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कटिंडा जरकोडांड़पारा का करीब 10 वर्ष पूर्व सीता नामक युवती से प्रेम विवाह हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। पीड़ित का ससुराल भी ग्राम कटिंडा में ही है।
पीड़ित के मुताबिक, 21 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे उसके ससुर ने घर में दरवाजा लगाने के लिए उसे बुलाया था। इसी दौरान पत्नी के हिस्से की जमीन को लेकर बातचीत होने लगी। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर ससुर ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
पीड़ित ने आगे आरोप लगाया कि उसी दौरान ससुर के घर मौजूद एक अन्य व्यक्ति, जो लकड़ी का फारा लेकर आया था, उसने उसके माथे पर वार कर दिया। इस घटना में उसके माथे पर चोट आई और खून निकलने लगा।
घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई रामविशाल, पत्नी सीता एवं विवेक मझवार को मामले की जानकारी दी। इसके बाद 22 नवंबर को लखनपुर थाने पहुंचकर शिकायत देते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।












