जिला जेल मुंगेली में 28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षा-बंधन पर्व सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक होगा बहनों का पंजीयन, आधार कार्ड अनिवार्य

संदीप यादव मुंगेली:- जिला जेल मुंगेली में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्षा-बंधन का पर्व 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इस संबंध में सहायक जेल अधीक्षक सुश्री ममता पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्षा-बंधन के अवसर पर बंदी भाइयों को उनकी बहनों द्वारा रक्षा-सूत्र बांधा जाएगा।

रक्षा-बंधन के लिए बहनों का पंजीयन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। पंजीयन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य रहेगा। जेल प्रशासन द्वारा बहनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रक्षा-सूत्र (राखी) एवं मिठाई के रूप में सोन पापड़ी ही साथ लाने की अनुमति दी है। राखी बांधने आने वाली बहनों से अपील की गई है कि वे अपने साथ मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ, रुपये अथवा अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं लेकर न आएं। इससे जेल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो और रक्षा-बंधन का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

सहायक जेल अधीक्षक सुश्री ममता पटेल द्वारा जेल कर्मचारियों को रक्षा-बंधन आयोजन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। साथ ही जेल के अंदर रक्षा-सूत्र एवं मिठाई लाने की अनुमति भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दी गई है।

जेल प्रशासन ने बताया कि जेल में निरुद्ध बंदी बहनों के भाइयों को ही जेल परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles