जुपिटर पब्लिक स्कूल, फिंगेश्वर में पुलिस विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

युवराज सिन्हा,फिंगेश्वर, गरियाबंद।जुपिटर पब्लिक स्कूल, फिंगेश्वर में विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच, साइबर अपराध से बचाव, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न की पहचान, तथा ऐसी परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों के बारे में सरल एवं प्रभावी ढंग से जानकारी दी।

अधिकारियों ने बच्चों को बताया कि किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत, ऑनलाइन धोखाधड़ी, धमकी या उत्पीड़न का सामना करने पर बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी दें। साथ ही सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की भी सलाह दी गई।

विद्यालय परिवार ने पुलिस विभाग के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें सुरक्षित एवं जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा पुलिस विभाग की टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की गई।

Hot Topics

Related Articles