जेल से छूटे आरोपी का वेलकम करने थार से पहुंचे, रील बनाई; पुलिस पकड़वाए कान

जेल परिसर में इस तरह का वीडियो बनाए जाने को पुलिस ने गंभीरता से लिया और वीडियो बनाने वालों से कान पकड़कर माफी मंगवाई।

कमलकांत पाटनवार

बिलासपुर

जेल से रिहा हुए आरोपी का स्वागत करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर निवासी सक्षम ध्रुव और साहिल केंवट को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से थार वाहन जब्त कर दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के जूना बिलासपुर में रहने वाला सक्षम ध्रुव दुर्गा विसर्जन के दौरान धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। इसी दौरान लेनदेन के विवाद में उसने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।

थार से पहुंचकर स्वागत किया

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से रिहा होने के बाद उसके साथियों ने थार वाहन से पहुंचकर उसका स्वागत किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जेल परिसर में इस तरह का वीडियो बनाए जाने को पुलिस ने गंभीरता से लिया।

इसके बाद पुलिस ने सक्षम और उसके साथी साहिल केंवट को पकड़कर कार्रवाई की। दोनों युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही और माफी मांगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा।

 

Hot Topics

Related Articles