जोंक नदी के एनीकट में नहाते समय युवक डूबा, 32 घंटे बाद भी नहीं मिला शव

बारिश से बढ़ा जलस्तर, तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन जारी

बलौदाबाजार। जिले के गिरौधपुरी पुलिस चौकी क्षेत्र में जोंक नदी के एनीकट में नहाने के दौरान एक युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के 32 घंटे बाद भी युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। नगर सेना की बचाव टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से रेस्क्यू अभियान में काफी परेशानी आ रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बेलटुकरी, बिलाईगढ़ निवासी सूरज चौहान गुरुवार 24 तारीख की सुबह करीब 11 बजे अपने साथियों के साथ ओडिशा के देवगांव जा रहा था। बताया गया कि वह एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। रास्ते में जोंक नदी के एनीकट के पास वह नहाने के लिए पानी में उतरा, इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद गिरौधपुरी पुलिस चौकी की टीम सक्रिय हुई। चौकी प्रभारी जगदीश सोनवानी के निर्देश पर दोपहर करीब 2 बजे नगर सेना का बचाव दल मौके पर पहुंचा और करीब चार घंटे तक युवक की तलाश की। अंधेरा होने के बाद अभियान रोकना पड़ा।

शुक्रवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने करीब 12 घंटे तक नदी में तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस के अनुसार बारिश के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और पानी का बहाव भी तेज है। आशंका जताई जा रही है कि युवक का शव बहाव के साथ दूर चला गया होगा।

पुलिस और बचाव दल शनिवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेंगे। सूरज चौहान छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेता था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Hot Topics

Related Articles