भाटापारा। शहर के परशुराम वार्ड स्थित खप्पर बाबा लिंक रोड के पास रविवार देर रात करीब 10:30 बजे डायल 112 की बोलेरो वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान कमलेश तिवारी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमलेश तिवारी स्कूटी क्रमांक CG22 G 4840 से अपने घर की ओर दूध लेकर जा रहे थे। इसी दौरान खप्पर बाबा मंदिर की ओर से आ रही डायल 112 की बोलेरो क्रमांक CG03 A 1311 आदर्श कॉलोनी की ओर जाने वाले डिवाइडर मोड़ के पास उनकी स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को वाहन के साथ घसीटते हुए डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर अचेत हो गए। उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद मौके पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने डायल 112 वाहन चालक पर तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि घटना के समय वाहन में दो लोग मौजूद थे और चालक नशे की हालत में दिखाई दे रहा था। हालांकि, चालक के नशे में होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि यह मार्ग आवागमन वाला है और यदि इसी तरह की घटना दिन के व्यस्त समय में होती तो अन्य राहगीर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। हादसे में युवक के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता और नाराजगी देखी गई।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और परिजन
हादसे की जानकारी मिलने के बाद सदर वार्ड के पार्षद श्रेणिक गोलच्छा, पार्षद प्रतिनिधि मनीष पंजवानी सहित पीड़ित के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल कमलेश तिवारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए घटना पर चिंता जताई।
फिलहाल हादसे के कारणों और डायल 112 वाहन चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल कमलेश तिवारी का उपचार जारी है।








