गिधौरी में बाढ़ के बीच फंसे 9 लोगों को पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुरक्षित निकाला

बलौदाबाजार। जिले में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति के बीच ग्राम गिधौरी में पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बाढ़ के पानी से घिरे एक मकान में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, महानदी जाने वाले मार्ग पर स्थित एक मकान के चारों ओर अचानक बाढ़ का पानी भर गया था। पानी का स्तर बढ़ने के कारण मकान में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त बचाव टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

मुस्तैद बचाव दल ने बाढ़ के पानी के बीच सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए मकान में फंसे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजामों का ध्यान रखा।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 24×7 निगरानी और बचाव व्यवस्था बनाए रखी जा रही है। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार मुस्तैद हैं और किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य संचालित कर रही हैं।

प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा जलभराव वाले मार्गों पर सतर्कता बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों द्वारा नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव अभियान शुरू किया जा सके।

Hot Topics

Related Articles