डिजिटल मैप पर दिखेगा मुंगेली का विकास रोडमैप, पीएम गति शक्ति योजना के तहत कार्यशाला आयोजित

संदीप यादव मुंगेली। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिले में अधोसंरचना विकास और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित हुई।

कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के डेटा को जीआईएस आधारित डिजिटल पोर्टल पर एकीकृत करने, उपलब्ध जानकारी को नियमित रूप से अपडेट करने तथा डिस्ट्रिक्ट मास्टर प्लान के निर्माण की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को पोर्टल की उपयोगिता, डेटा प्रबंधन तथा डिजिटल तकनीक के माध्यम से विकास कार्यों की बेहतर योजना एवं निगरानी के बारे में भी अवगत कराया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं अधोसंरचना परियोजनाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी, समन्वित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है। जीआईएस आधारित प्रणाली के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने से विकास कार्यों की योजना तैयार करने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और परियोजनाओं के बीच समन्वय को अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यशाला में विभागीय अधिकारियों को पोर्टल पर उपलब्ध डेटा को सटीक, अद्यतन एवं उपयोगी बनाए रखने के महत्व पर भी जानकारी दी गई। साथ ही डीएमपी के निर्माण के दौरान विभागीय स्तर पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles