डोंगरगांव( दीपक अवस्थी)। डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तिगाला पेट्रोल पंप के पास एक बलेनो कार से 100 पौवा देशी सुपर-36 प्लेन शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब के साथ करीब 3 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 3.08 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोंगरगांव निवासी लीलाशंकर यादव और अंकेश पटेल कार से अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में टीम ने कुमरदा स्थित तिगाला पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर बलेनो कार (सीजी 08 एडब्ल्यू 5072) को रोका।
तलाशी लेने पर कार से 100 पौवा छत्तीसगढ़ निर्मित देशी सुपर-36 प्लेन शराब (करीब दो पेटी) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी निर्धारित मात्रा से अधिक शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड क्रमांक 6 निवासी लीलाशंकर यादव (32) और वार्ड क्रमांक 12 मटिया, डोंगरगांव निवासी अंकेश पटेल (25) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, सहायक उपनिरीक्षक अनिल यादव, पीएसआई सागर सिंह राजपूत तथा आरक्षक चंद्रकांत सोनी और मोहन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






