डोंगरगांव में तीन स्थानों पर होगा रावण दहन, दशहरा उत्सव की तैयारियां तेज…

  • नगरपालिका-जनमहोत्सव समिति का कॉलेज मैदान में मुख्य आयोजन, निशांत दुर्गा उत्सव समिति और महामाया दुर्गा उत्सव समिति भी करेंगी रावण दहन

घनश्याम साव, डोंगरगांव।बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व को लेकर नगर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष 20 अक्टूबर को दशहरा उत्सव के अवसर पर डोंगरगांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम होंगे। नगर पालिका परिषद एवं जनमहोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय हाईस्कूल-कॉलेज मैदान में मुख्य आयोजन होगा। वहीं, निशांत दुर्गा एवं दशहरा उत्सव समिति आत्मानंद स्कूल मैदान में तथा महामाया दुर्गा उत्सव समिति किल्लापारा की ओर से बीटीआई मैदान में रावण दहन किया जाएगा।

वर्षों से नगर के प्रमुख दशहरा आयोजन में भूमिका निभाने वाली निशांत दुर्गा उत्सव समिति के इस बार मुख्य कार्यक्रम से अलग होने के बाद आयोजन की व्यवस्था में बदलाव आया है। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने से नगर में दशहरा उत्सव को लेकर चर्चाएं भी हो रही हैं। हालांकि, तीन स्थानों पर रावण दहन होने से नगरवासियों को अलग-अलग धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

कॉलेज मैदान में 51 फीट के रावण का होगा दहन

नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने बताया कि 20 अक्टूबर को सिद्धि विनायक गणेश परिवार एवं जनसहयोग से कॉलेज मैदान में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर पालिका परिषद और जनमहोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में रामलीला का मंचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत रायपुर के लोकमंजरी समूह की प्रस्तुति होगी। इसमें छत्तीसगढ़ के लोक कलाकार डेविड निराला, अभिषेक सोनकर, गरिमा ठाकुर, कामता वैष्णव और निरंजन साहू अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा।

अध्यक्ष त्रिपाठी ने बताया कि आगामी वर्ष से दशहरा उत्सव का आयोजन डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी जनसहयोग मैदान (लोक मंडई) में करने की योजना है। साथ ही नगर में दशहरा महोत्सव को दो दिवसीय स्वरूप देने पर भी विचार किया जा रहा है, जिसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी।

आयोजन स्थल का किया निरीक्षण..

दशहरा उत्सव की तैयारियों के सिलसिले में नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनाu पटेल, मंडी अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, एल्डरमेन गुलशन हिरवानी, प्रफुल्ल जैन राजा, दुर्गेश रामटेके, हेमंत चोपड़ा, संतोष यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने कॉलेज मैदान का निरीक्षण किया।

इस दौरान रामकुमार गुप्ता ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नगर के सभी दुर्गा पंडालों को आमंत्रण भेजा जा रहा है। इस वर्ष आयोजन पूर्ववत स्वरूप में होगा। समिति का प्रयास रहेगा कि रावण दहन निर्धारित समय पर संपन्न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।

आत्मानंद स्कूल मैदान में भी होगा रावण दहन..

इधर, निशांत दुर्गा एवं दशहरा उत्सव समिति ने आत्मानंद स्कूल मैदान में 20 अक्टूबर को रात 8 बजे से धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की है। इसमें करगी रोड, जिला बिलासपुर के शिवम यादव म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति, माता का जगराता, लोककला मंच की भव्य झांकी तथा गायक शिवम यादव और स्वाति वैष्णव की प्रस्तुतियां होंगी। समिति ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ अलग से आतिशबाजी और रावण दहन का कार्यक्रम भी रखा है।

बीटीआई मैदान में 31 फीट के रावण का दहन…

नगर के किल्लापारा क्षेत्र में महामाया दुर्गा उत्सव समिति, पुराना थाना रोड के तत्वावधान में बीटीआई मैदान में प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भव्य आतिशबाजी के साथ 31 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होते हैं।

आस्था और परंपरा का पर्व..

दशहरा पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देता है। नगर में इस बार तीन स्थानों पर रावण दहन के आयोजन होने से उत्सव का स्वरूप कुछ अलग रहेगा। नगरवासियों की अपेक्षा है कि सभी आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हों तथा विजयादशमी की मूल भावना—असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय—सभी के लिए प्रेरणा बने।

Hot Topics

Related Articles