डोंगरगांव : रास्ता रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

  • रातभर तलाश के बाद सुबह 3 बजे पुलिस ने दबोचा, लूटा गया मोबाइल और 5,500 रुपए बरामद; वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त

दीपक अवस्थी, डोंगरगांव। ग्राम गिरगांव स्थित सूखनाला के पास बाइक सवार युवकों का रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी और लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को डोंगरगांव पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया और सुबह करीब 3 बजे चारों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, 5,500 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को ग्राम गिरगांव के सूखानाला के पास आरोपियों ने एकराय होकर मोटरसाइकिल से जा रहे ओमकार सेवता और उसके साथियों का रास्ता रोक लिया। इसके बाद अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों तथा पत्थर से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई।

आरोपियों ने प्रार्थी ओमकार सेवता की जेब से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। वहीं, उसके साथ मोटरसाइकिल में पीछे बैठे भूपेन्द्र सेवता से वीवो कंपनी का मोबाइल और नकदी भी छीन ली। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने और उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले में लूट से संबंधित धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई।

रातभर तलाश के बाद सुबह 3 बजे पकड़े गए आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना डोंगरगांव पुलिस ने तत्काल संदेहियों की पतासाजी शुरू की। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए थे। पुलिस टीम ने रातभर तलाश अभियान चलाया और सुबह करीब 3 बजे चारों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में अपराध में संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल, 5,500 रुपए नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 बीडी 7077 जब्त की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में उमेश कुमार निषाद उर्फ विक्की (24), ओमकार कंवर उर्फ सरवन (22) और भूपेन्द्र कुमार चंद्रवंशी (23), तीनों निवासी ग्राम गनेरी तथा भानुप्रताप सिंह कुंजाम (22), निवासी ग्राम गुंगरी नवागांव शामिल हैं। सभी थाना डोंगरगांव क्षेत्र के निवासी हैं।

आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 126, 296, 115(2), 351(2), 3(5) एवं 309(6) के तहत कार्रवाई की गई। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख तथा आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी, चंद्रप्रकाश हरमुख और मोहन साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles