- बीएसपी सीवरेज लाइन कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत
दल्ली राजहरा (हितेश डोंगरे)। नगर के दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज लाइन में पाइप बिछाने के दौरान मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में कार्य कर रहे तीन मजदूर अचानक मिट्टी खिसकने से उसके नीचे दब गए, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में किशुन कुमार, राकेश कुमार एवं एक महिला मजदूर बैशाखिन शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर काफी गहराई में उतरकर पाइप लाइन बिछाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की मदद से रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा मानकों के इतने गहरे गड्ढे में उतारा गया था। न तो सुरक्षा बेल्ट, न हेलमेट और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के लिए कोई मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
यह हादसा अब कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है—
- क्या कार्य स्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था?
- क्या संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों ने मजदूरों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया?
- और आखिर बिना सुरक्षा इंतजाम के मजदूरों को 10 फीट गहरे गड्ढे में काम करने की अनुमति किसने दी?
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग भी उठ रही है।





