रायपुर: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आज शाम 7:30 से RCB और KKR के बीच मुकाबला होगा। मैच से पहले नवा रायपुर में हल्की बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। चर्चा है कि एक्टर शाहरुख खान भी अपनी टीम को सपोर्ट करने पहुंच सकते हैं। मैच से पहले रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने रूट चार्ट और पार्किंग प्लान जारी किया है। रायपुर शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचना होगा। गाड़ी स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क किए जाएंगे। पार्किंग फुल होने पर श्री सत्य साईं हॉस्पिटल और सेंध तालाब पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा। बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, जगदलपुर, दुर्ग-भिलाई और महासमुंद की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। मुकाबले से पहले KKR और आरसीबी की टीम जमकर पसीना बहाया। खिलाड़ियों ने बड़े हिट लगाने के साथ-साथ आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की रणनीति पर काम किया। दूसरी ओर गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और डेथ ओवर की लाइन-लेंथ पर अभ्यास किया।





