- गोंडवाना समाज और संविधान पुरूष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई स्मृति देव दशहरा समिति के आमंत्रण पर 19 अक्टूबर को देंगे अपनी गरिमामयी उपस्थिति”
कांकेर।बस्तर संभाग की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक समरसता के प्रतीक 81वें भव्य देव दशहरा महापर्व में छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को गोंडवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग और संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई स्मृति देव दशहरा समिति कन्हारपुरी (जिला कांकेर) के संयुक्त नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें इस त्रि-दिवसीय भव्य आयोजन के लिए आमंत्रित किया। माननीय मुख्यमंत्री जी ने सहर्ष आमंत्रण स्वीकार करते हुए दिनांक 19 अक्टूबर 2026, दिन सोमवार को कन्हारपुरी में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति की स्वीकृति दे दी है।
संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई की पावन भूमि पर 81 वर्षों की अटूट परंपरा:-यह ऐतिहासिक देव दशहरा महापर्व कांकेर जिले के कन्हारपुरी ग्राम में पूरी भव्यता के साथ मनाया जाता है, जो भारतीय संविधान सभा के सदस्य व महान जननायक संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई जी का गृहग्राम है। इस अनुपम परंपरा की शुरुआत स्वयं ठाकुर रामप्रसाद पोटाई जी ने की थी, जो आज 81वें वर्ष में भी अपनी पूरी सांस्कृतिक आभा के साथ अनवरत जारी है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बस्तर की पारंपरिक देव-संस्कृति का संरक्षण, जनजातीय समाज के गौरव को अक्षुण्ण रखना और सर्वसमाज में समरसता का संदेश देना है।
आध्यात्मिक वैभव और बहुउद्देशीय लोक-कल्याण का संगम:-तीन दिनों तक चलने वाले इस भव्य महापर्व में बस्तर संभाग के कोने-कोने से सैकड़ों देवी-देवताओं का पारंपरिक विग्रहों और छत्रों के साथ आगमन होगा, जिससे संपूर्ण कन्हारपुरी क्षेत्र भक्तिमय और आलौकिक हो उठेगा। इस अवसर पर भव्य ‘देव जात्रा’ का आयोजन किया जाएगा।
धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था के साथ-साथ यह मेला जन-कल्याण और राष्ट्र-निर्माण का एक अनूठा मंच भी है। त्रि-दिवसीय आयोजन के दौरान निम्नलिखित बहुउद्देशीय गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं:-बस्तर की लोक कला को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक खेलकूद, लोक नृत्य और लोक गीत प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन ।
शासन की कल्याणकारी योजनाएं:-शासन-प्रशासन द्वारा आम जनता को जागरूक करने के लिए लोक-कल्याणकारी योजनाओं के सूचनात्मक स्टॉल।
कौशल व रोजगार:- युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर।
निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं:-जनमानस के स्वास्थ्य लाभ के लिए सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, ब्लड टेस्ट, सिकल सेल (सिकलिन) परीक्षण और स्वैच्छिक ब्लड डोनेशन (रक्तदान) कार्यक्रम।
वैचारिक संगोष्ठी और सामाजिक समरसता संवाद:-मेले के दौरान सभी समाजों के प्रमुखों (सगा समाज प्रमुखों) की उपस्थिति में एक विशेष ‘समरसता संवाद’ का आयोजन किया जाएगा। इस संवाद कार्यक्रम में संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई जी की जीवनी, उनके ऐतिहासिक योगदानों, देश व समाज के प्रति उनकी उपलब्धियों पर गहन चर्चा होगी। साथ ही, देव दशहरा के पावन उद्देश्यों, इसकी विशेषताओं और आधुनिक परिप्रेक्ष्य में इसके महत्व पर प्रबुद्धजनों द्वारा प्रकाश डाला जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने बस्तर संभाग के समस्त नागरिकों, श्रद्धालुओं और माटी-पुत्रों से अपील की है कि वे 19 अक्टूबर को मुख्यमंत्री जी के आगमन और इस 81वें ऐतिहासिक देव दशहरा महापर्व में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
मुख्यमंत्री जी को आमंत्रित करने के लिए संयुक्त प्रतिनिधिमंडल श्री सुमेरसिंह नाग जी संभागीय अध्यक्ष गोंण्डवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग, श्री सदेसिंह कोमरें संभागीय सचिव गोंण्डवाना समाज समन्वय समिति बस्तर संभाग, श्री विकेश कुमार हिचामी संयोजक संविधान पुरूष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई स्मृति देव दशहरा समिति,श्री संदीप ध्रवा सरपंच ग्राम पंचायत कन्हारपुरी,श्री सत्तेसिंह कोरेटी अध्यक्ष संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई स्मृति देव दशहरा समिति, श्री दुर्गुनसिंह कार्यकारिणी अध्यक्ष संविधान पुरुष ठाकुर रामप्रसाद पोटाई स्मृति देव दशहरा,श्री बालकुमार पोया उपाध्यक्ष देव दशहरा समिति,श्री हरपाल पोटाई सचिव देव दशहरा समिति ,श्री दया राम केमरो मार्गदर्शक देव दशहरा समिति,श्री रज्जे भोयर उपसरपंच ग्राम पंचायत कन्हारपुरी,श्री बलदेव केमरो अध्यक्ष युवा प्रभाग देव दशहरा समिति,श्री महेश पोटाई सदस्य देव दशहरा समिति के पदाधिकारी गये थे।






