श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में लापरवाही का खामियाजा, बच्चे के पैर में आर-पार घुसा सरिया

संदीप यादव मुंगेली। नगर के हृदय स्थल श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम के बच्चों के खेलने वाले परिसर में नगरपालिका की घोर लापरवाही सामने आई है। यहां खेल उपकरण टूटे-फूटे पड़े हैं और लोहे के नुकीले रॉड खुले में निकले हुए हैं। आज इसी लापरवाही के चलते एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके पैर में खुला सरिया आर-पार घुस गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों का यह खेल परिसर लंबे समय से जर्जर हालत में है। झूले टूटे हैं, स्लाइडर जंग खाए हैं और जमीन में गड़े सरिये खुले पड़े हैं। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि सीएमओ सहित नगरपालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी रोज सुबह-शाम इसी स्टेडियम में घूमने आते हैं, फिर भी उनकी नजर इस खतरे पर नहीं पड़ी।

घटना के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा टल सकता था। यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।

मांग की जा रही है कि इस पूरे मामले की जवाबदेही तय की जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो। साथ ही तत्काल प्रभाव से बच्चों के खेल परिसर की घेराबंदी कर मरम्मत कार्य शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और बच्चे के साथ ऐसी अनहोनी न हो। स्टेडियम बच्चों के खेलने और नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए है, मौत के सामान के लिए नहीं। प्रशासन को इस ओर तुरंत ध्यान देना होगा।

Hot Topics

Related Articles