दिनभर उमस, शाम को ऐसी बारिश… सड़कों पर घुटने जितना पानी, कई इलाके जलमग्न

बलौदाबाजार,(मोहन तिवारी)सावन के बादलों ने गुरुवार शाम बलौदाबाजार शहर समेत आसपास के इलाकों को झमाझम बारिश से पूरी तरह भिगो दिया। पिछले कई दिनों से जारी भीषण उमस, चिपचिपाहट भरी गर्मी, तेज धूप से बेहाल शहरवासियों को इस बारिश ने बड़ी राहत पहुंचाई। गुरुवार शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम ने रुख बदला। आसमान में काली घटाएं छा गईं। देखते ही देखते लगभग एक घंटे तक मूसलाधार बारिश का दौर चलता रहा। इससे पूरे शहर की सड़कें पानी से लबालब भर गईं।

अगस्त महीने के शुरुआती छह दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले में अब तक 60.8 मिमी वर्षा दर्ज हो चुकी है। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई थी। दोपहर में धूप, उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा था। बीच-बीच में हुई हल्की बूंदाबांदी ने उमस को और बढ़ा दिया था। शाम ढलते ही तेज बारिश हुई। तापमान में गिरावट आई। मौसम सुहावना हो गया। शाम को हुई एक घंटे की तेज बारिश इतनी भीषण थी कि शहर के निकासी तंत्र की पोल खुल गई। मुख्य मार्गों से लेकर कलेक्ट्रेट रोड तक पानी तेजी से बहने लगा। कचहरी परिसर, दशहरा मैदान, केडिया व्यापार विहार, गौरव पथ रोड जैसे प्रमुख इलाकों में पानी भर गया।

इससे दोपहिया वाहन बंद हो गए। पैदल राहगीरों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी फुटपाथ, ठेलों पर व्यापार करने वाले छोटे दुकानदारों को हुई। अचानक आए पानी से सामान को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में उन्हें भारी मशक्कत करनी पड़ी। बारिश रुकने के कुछ समय बाद नाले-नालियों के माध्यम से पानी की निकासी हो गई। बारिश के बाद जिले का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे शाम को बाजारों में चहल-पहल लौट आई।

Hot Topics

Related Articles