दुकानदार को बोला-रिश्तेदार की बाइक है फिर धक्का देकर ले गया

  • पीछे से साथी बाइक को देता रहा धक्का, पूरी वारदात CCTV में कैद; 12 घंटे में एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। साहू वेल्डिंग दुकान के सामने खड़ी बाइक पर चोर की नजर पड़ी। आसपास मौजूद दुकानदार को झांसा देने के लिए कहा- यह रिश्तेदार की बाइक है। इसके बाद बाइक को स्टार्ट करने के बजाय धक्का देकर ले जाने लगा। पीछे से उसका साथी भी बाइक से आया और चोरी की बाइक को धक्का देने लगा। दोनों की यह करतूत दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली। उसका साथी फरार है।

मामला चौकी रोड स्थित साहू वेल्डिंग दुकान का है। ग्राम बरगांव निवासी लुलेश कुमार निषाद 30 सितंबर को अपनी एचएफ डिलक्स बाइक क्रमांक CG 08 Y 4603 से दुकान पहुंचा था। इसी दौरान उसका दोस्त वहां आया। लुलेश अपनी बाइक दुकान के सामने छोड़कर दोस्त की बाइक से उसके साथ चला गया।

कुछ देर बाद बीनू विश्वकर्मा उर्फ विनोद विश्वकर्मा निवासी कॉलेज रोड, वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगांव वहां पहुंचा। उसने दुकानदार को बताया कि बाइक उसके रिश्तेदार की है। इसके बाद बाइक को धक्का देकर वहां से निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में उसका साथी भी दिखाई दे रहा है, जो पीछे से बाइक को धक्का देकर चोरी में मदद कर रहा था।

फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस

बाइक नहीं मिलने पर लुलेश ने 2 अक्टूबर को डोंगरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर बीनू विश्वकर्मा को पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने बाइक चोरी करना स्वीकार किया।

घर के आंगन में छिपाकर रखी थी बाइक

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कॉलेज रोड स्थित उसके घर के आंगन से चोरी की बाइक बरामद कर ली। बाइक जब्त करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब सीसीटीवी में नजर आ रहे उसके साथी की तलाश कर रही है।

कार्रवाई पुलिस 

थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रधान आरक्षक संदीप देशमुख और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Hot Topics

Related Articles