मोहला-मानपुर में दिनदहाड़े बाघ का आतंक! महिलाओं के सामने 5 बकरियों को बनाया शिकार

मोहला-मानपुर : जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम रेंगाटोला के आसपास खेत-खलिहानों के बीच बाघ ने दिनदहाड़े पालतू बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान करीब छह महिलाएं मौके पर मौजूद थीं। महिलाओं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, जबकि बाघ ने पांच बकरियों को अपना शिकार बना लिया।

बताया जा रहा है कि महिलाएं गांव से कुछ दूर बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच पहुंच गया। बाघ को देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और वे वहां से भागकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचीं।

ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ ने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद एक के बाद एक कई बकरियों पर हमला किया। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां दो बकरियां मृत अवस्था में मिलीं, जबकि अन्य बकरियों के बारे में बताया गया कि उन्हें बाघ अपने साथ ले गया।

अगले दिन वन विभाग के अमले के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पड़ी दोनों मृत बकरियां भी नहीं मिलीं। ग्रामीणों का दावा है कि बाघ उन बकरियों को भी अपने कब्जे में लेकर जंगल की ओर चला गया।

बस्ती के करीब बाघ की मौजूदगी से बढ़ी चिंता

घटना ऐसे इलाके में हुई है, जो ग्रामीण बस्ती और खेत-खलिहानों के काफी करीब बताया जा रहा है। बाघ के इस तरह इंसानी गतिविधियों वाले क्षेत्र में पहुंचने से मवेशी चराने वाले ग्रामीणों और किसानों में डर का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग भी सतर्क हो गया है। इलाके में गश्त बढ़ाई गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल बाघ जंगल की ओर चला गया है, लेकिन रेंगाटोला क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और बाघ की मौजूदगी को लेकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है।

 

Hot Topics

Related Articles