भाटापारा ,कृषि में फसल विविधिकरण को बढ़ावा देने और किसानों को खेती की लागत में राहत देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल लेने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। योजना का उद्देश्य दलहन-तिलहन सहित अन्य फसलों का रकबा बढ़ाकर इनके उत्पादन में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
योजना के तहत पिछले खरीफ सीजन में धान की फसल लेने वाले ऐसे पंजीकृत किसान, जिन्होंने इस खरीफ सीजन में धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल लेने के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराया है, उन्हें 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसी तरह पहले से खरीफ में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले पात्र किसानों को 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल और एग्री स्टेक पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। इसके साथ ही पिछले खरीफ मौसम में एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की धान फसल की गिरदावरी पूर्ण होना आवश्यक है। अन्य चिन्हित फसलों के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीयन कराया जाना जरूरी है।








