ध्वजारोहण को लेकर दो पंचायतों में लापरवाही, सचिवों को नोटिस

भाटापारा ,देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण को लेकर भाटापारा जनपद क्षेत्र की दो ग्राम पंचायतों में लापरवाही के मामले सामने आए हैं। ग्राम पंचायत गुर्रा में अशोक चक्र स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने वाले पुराने तिरंगे से ध्वजारोहण किए जाने, जबकि ग्राम पंचायत समरिया-ब में निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण नहीं होने का मामला सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया। मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद दोनों पंचायतों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

 

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत समरिया-ब की सरपंच महेश्वरी हिरामणी यदु ने बताया कि पंचायत सचिव तिरंगा ध्वज लाने की बात कहकर चले गए थे, लेकिन बाद में उनके नहीं पहुंचने के कारण निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण नहीं हो सका। इसके बाद पंचायत में पूजा-पाठ के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने की बात सामने आई।

 

वहीं ग्राम पंचायत गुर्रा के प्रभारी

सचिव शिव प्रसाद घृतलहरे ने बताया कि उनका स्थानांतरण 12 अगस्त को ग्राम पंचायत से हो चुका था। 15 अगस्त को नए सचिव देवेंद्र सेन ने पदभार ग्रहण किया। तिरंगे में अशोक चक्र स्पष्ट नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद उनके द्वारा ध्वज को उतरवाया गया।

इस संबंध में अनुविभागीय राजस्व दंडाधिकारी श्यामा पटेल ने बताया कि दोनों पंचायतों के सचिवों को राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित मामले में नोटिस जारी किया गया है।

जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत गुर्रा में तीन स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया था। पंचायत चौक स्थल पर लगाया गया ध्वज पुराना होने के कारण अशोक चक्र दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देने की जानकारी दी गई है। वहीं ग्राम पंचायत समरिया-ब में राष्ट्रीय ध्वजारोहण नहीं होने की जानकारी सोमवार को मिली है, जिस पर नोटिस जारी किया गया है। उस्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय पर्व पर लापरवाही पर उठे सवाल

स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और निर्धारित प्रोटोकॉल को लेकर सामने आए इन मामलों ने पंचायत स्तर की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद अब जांच और कार्रवाई पर नजर है।

Hot Topics

Related Articles