रायपुर/डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)डोंगरगांव नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी ने हाल ही में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से रायपुर में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात में उन्होंने नगर पंचायत की प्रमुख समस्याओं और विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
अंजू त्रिपाठी ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष नगर में लंबे समय से चल रही पेयजल संकट की गंभीरता को उजागर किया। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने नगर में सड़कों की दुर्दशा, बिजली आपूर्ति की अनियमितता और स्वच्छता संबंधी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। त्रिपाठी ने उपमुख्यमंत्री से आग्रह किया कि डोंगरगांव के समग्र विकास के लिए विशेष योजनाएं और बजट मुहैया कराया जाए।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही राहत के कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और डोंगरगांव को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
यह मुलाकात नगर के विकास के लिए एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे स्थानीय नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान संभव होगा।





