भाटापारा(मोहन तिवारी)नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सड़क, नाली, जल निकासी समेत मूलभूत अधोसंरचना के 60 विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 74 लाख 71 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। राज्य सरकार की स्वीकृति से अलग-अलग वार्डों में लंबे समय से जरूरी काम आगे बढ़ेंगे। नागरिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा।
स्वीकृत राशि से शहर के अलग-अलग हिस्सों में सीसी रोड, बीटी रोड, सड़क सुदृढ़ीकरण, नाली और ड्रेनेज निर्माण, पुलिया निर्माण के काम होंगे। काम पूरे होने पर सड़क व्यवस्था बेहतर होगी। जल निकासी, स्वच्छता, आवागमन से जुड़ी दिक्कतों में राहत की उम्मीद है।
नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि स्वीकृति संतुलित और सर्वांगीण विकास की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि कामों का चयन वार्डों की जरूरत और नागरिकों की प्राथमिकता के आधार पर किया गया है। उद्देश्य विकास को किसी एक क्षेत्र तक सीमित रखना नहीं है। हर वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।अश्वनी शर्मा ने कहा काम पूरे होने पर सड़क, जल निकासी, नाली, आवागमन से जुड़ी समस्याओं में काफी राहत मिलेगी। लक्ष्य संतुलित और सर्वांगीण विकास है। हर वार्ड की जरूरत के मुताबिक कामों को प्राथमिकता दी जा रही है। अश्वनी शर्मा ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा का आभार जताया। नगर पालिका परिषद ने कहा कि सभी कामों के लिए तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिर प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू कराए जाएंगे। 3.74 करोड़ की लागत से स्वीकृत 60 काम शहर की अधोसंरचना मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम हैं। इससे वार्डों में सड़क, नाली, जल निकासी जैसी सुविधाओं का विस्तार होगा।






