नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : विधायक पुन्नूलाल मोहले

  • जेन जेड अगेंस्ट एडिक्शन–नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का जिला स्तरीय आयोजन

मुंगेली(संदीप यादव)जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने तथा उन्हें स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से 02 अगस्त को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय, दाऊपारा, मुंगेली में “जेन जेड अगेंस्ट एडिक्शन–नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

*प्रधानमंत्री ने किया वर्चुअल शुभारंभ*

कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर किया। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ-साथ समाज को भी जागरूक करने की अपील की।

*विधायक ने दिलाई शपथ*

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “नशा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र का नुकसान करता है। आज देश का युवा यदि नशे से दूर रहेगा, तो वह अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगाएगा। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है।”

*नशा मुक्त मुंगेली बनेगा जनआंदोलन*

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गोकुल रावटे ने कहा कि नशा मुक्ति को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने “नशा मुक्त मुंगेली” को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। वरिष्ठ पार्टी प्रतिनिधि दीनानाथ केशरवानी ने कहा कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

*100 सप्ताह तक चलेंगे कार्यक्रम*

अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिताएं, योग एवं ध्यान शिविर, नुक्कड़ नाटक तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को माई भारत पोर्टल के माध्यम से डिजिटल नशामुक्ति शपथ लेने एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पीएम श्री सेजेस दाऊपारा, पीएम श्री बी.आर. साव विद्यालय तथा सरस्वती विद्यालय के लगभग 300 एनएस स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। समापन पर सभी ने नशा न करने का सामूहिक संकल्प लिया।

 

कार्यक्रम में एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार कुनाल पाण्डेय, जिला खेल अधिकारी संजय पाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles