- पुलिस की तत्परता से फास्ट रिस्पांस, जिला अस्पताल में कराया भर्ती
मुंगेली। रिपोर्टर संदीप यादव।मानवता की मिसाल पेश करते हुए मुंगेली पुलिस की डायल-112 टीम ने देर रात सर्पदंश के शिकार एक युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 9:21 बजे डायल-112 को सूचना मिली कि सतरंगा स्वास्थ्य केंद्र में एक सर्पदंश पीड़ित को लाया गया है। सूचना मिलते ही आरक्षक उमेश मानिकपुरी और वाहन चालक लोचन यादव तुरंत मौके के लिए रवाना हुए।
टीम ने बिना समय गंवाए पीड़ित कोमल साहू, पिता धनेश साहू, निवासी भूमियापारा थाना फास्टरपुर को अपने वाहन में बैठाया और एंबुलेंस की तरह इस्तेमाल करते हुए सीधे जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से युवक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
*एसपी के मार्गदर्शन में संवेदनशील पुलिसिंग*
एसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चल रही डायल-112 सेवा जिले में आपातकाल में लोगों के लिए संजीवनी बन रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायल-112 का काम सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनता की मदद करना भी हमारी प्राथमिकता है।
पुलिस ने बताया कि ऐसी घटनाओं में हर सेकंड कीमती होता है। डायल-112 टीम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक परिवार पर आई मुसीबत टल गई।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि संकट के समय डायल-112 सच में मददगार साबित हो रही है।






