
बलौदाबाजार। पलारी विकासखंड के ग्राम अमेरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र अमेरा-02 में निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने 12 सितंबर 2026 को केंद्र का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान केंद्र में न तो एक भी बच्चा उपस्थित मिला और न ही पोषण संबंधी गतिविधियां संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली। इसके अलावा पोषण ट्रैकर ऐप नियमित रूप से अपडेट नहीं किया जा रहा था। पोषण माह से संबंधित गतिविधियां भी केंद्र में संचालित नहीं मिलीं।
पहले भी दिए गए थे सुधार के निर्देश
अधिकारियों के अनुसार, अमेरा-02 आंगनबाड़ी केंद्र का जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 में भी पर्यवेक्षकों द्वारा निरीक्षण किया गया था। इन निरीक्षणों के दौरान कार्यकर्ता को केंद्र में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और पोषण ट्रैकर में आवश्यक जानकारी सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बावजूद व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विभाग ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
नियुक्ति निर्देश के तहत हुई कार्रवाई
जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा पत्र क्रमांक 1333 के आधार पर कार्रवाई की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका नियुक्ति निर्देश 2008 की शर्त 13.3 के तहत उच्च अधिकारियों के निरीक्षण में कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित कार्यकर्ता को पद से हटाने का प्रावधान है।
इसी के तहत परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना, पलारी ने अक्ती घुतलहरे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, केंद्र अमेरा-02 (कोड-22651030202) को 21 सितंबर 2026 से पद से हटाने का आदेश जारी किया है।
कार्रवाई की सूचना कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जनपद पंचायत सीईओ और संबंधित सेक्टर पर्यवेक्षक को भी भेजी गई है।








