बलौदाबाजार। ग्राम तिल्दा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर से लापता 4 साल 10 महीने के मासूम लावेश डहरिया का शव बुधवार को गांव के सार्वजनिक कुएं में मिला। बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की थी।
जानकारी के अनुसार, लावेश मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घर से अचानक गायब हो गया था। परिजनों ने आसपास तलाश करने के साथ ही लवन थाने में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज में लावेश अपने नाना के घर की ओर तेजी से जाते हुए दिखाई दिया। नाना का घर घटनास्थल से कुछ दूरी पर है। इसके बाद पुलिस, परिजन और ग्रामीणों ने पूरे गांव में बच्चे की तलाश की, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन कुएं में मिला शव
बुधवार दोपहर बाद ग्रामीणों को गांव के सार्वजनिक कुएं में बच्चे का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बच्चा खेलते हुए कुएं के पास पहुंचा होगा और गलती से उसमें गिर गया। डूबने से उसकी मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। प्रधान आरक्षक हर्षद खान के अनुसार, बच्चे के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। अगले दिन कुएं में शव मिलने की जानकारी पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








