जियाउल खान,सरगुजा ,लखनपुर। क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के उद्देश्य से विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉ. ओपी प्रसाद ने रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जमगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला और कर्मचारी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए।
बताया गया कि जनप्रतिनिधियों की लगातार शिकायतों के बाद बीएमओ दोपहर करीब 12 बजे आरोग्य मंदिर पहुंचे, जहां केंद्र बंद था। इस पर अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने (अवैतनिक अवकाश) के निर्देश देते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीएमओ की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार आएगा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।






