नीट समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में सीपत में कांग्रेस का प्रदर्शन, मोदी सरकार का पुतला फूंका

  •  नवाडीह चौक पर जमकर हुई नारेबाजी

  • पुतला दहन को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झूमाझटकी

बिलासपुर/सीपत (कमलकांत पाटनवार) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के आदेश पर गुरुवार को सीपत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नवाडीह चौक में केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं, नई दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के साथ कथित अभद्र व्यवहार तथा उन्हें हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और व्यवस्थागत विफलताओं के कारण लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने इन मुद्दों पर संसद में तत्काल चर्चा कराने तथा नई दिल्ली में संबंधित विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों एवं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर और आपराधिक मामलों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रधानमंत्री के पुतला दहन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। पुलिसकर्मी पुतले को बुझाने और उसे अपने कब्जे में लेने का प्रयास करते रहे, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता पुतले को लेकर नारेबाजी करते हुए उसे जलाने में सफल रहे। इस दौरान एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ता जलते हुए पुतले को हाथ में उठाए रहे, वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी उस पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते नजर आए। काफी मशक्कत के बाद भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीपत के अध्यक्ष राजेंद्र धीवर ने कहा कि नीट सहित देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने देश के लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र और उनके परिवार वर्षों की मेहनत और उम्मीद के साथ परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी होने से उनका भविष्य संकट में पड़ जाता है। केंद्र की मोदी सरकार को इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्रों के हित और उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। वरिष्ठ कांग्रेसी मनोज खरे ने कहा कि “देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। आज लाखों छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और उनके मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा हुआ है। केंद्र सरकार को जवाबदेही तय करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय दिलाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाती रहेगी। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र धीवर, मनोज खरे, प्रमोद जायसवाल, विजय गुप्ता, भागीरथी पोरते, वीरेंद्र लैहर्षण (प्रत्याशी प्रदेश महासचिव युकां छत्तीसगढ़), गौतम खरे (ब्लॉक अध्यक्ष NSUI सीपत), बुटन पाटनवार, उमेश चंद्राकर, मुनीर खान, विजय गुप्ता, उमेश कश्यप, दीपक यादव, राकेश लैहर्षण (प्रत्याशी जिलाध्यक्ष युकां ग्रामीण बिलासपुर), प्रितेश पनौरे (ब्लॉक अध्यक्ष युवा कांग्रेस सीपत), संदीप खरे, लच्छी वर्मा, सतीश खरे, कार्तिक मेरावी, अर्जुन साहू, रविशंकर मेरावी, रामेश्वर धीवर, भाभा धाविड, छोटू खरे, मोती किशोर जायसवाल, जगदीश कश्यप, वीरेंद्र पाटनवार, रुपेश विश्वकर्मा, सरदार सिंह ठाकुर, बेदप पाटनवार, सुशांत कोरी, दिलीप कुमार वस्त्रकार, सूरज कुमार पत्रवानी, तरुण धीवर, सुरेश सोनझरी, दिलीप बींझवार, नान्ही बींझवार, हिमांचल केंवट, जयप्रकाश श्रीवास, बलराम बींझवार, राम कश्यप, रानू श्रीवास, महेश्वर नेताम, विनोद कोशले, रामरतन, गोरे लाल जगत, लक्ष्मण पाटनवार, मुन्ना लाल सहित कांग्रेस के समस्त ब्लॉक पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles