बिलासपुर
पीवी एप के माध्यम से कराए जा रहे फसल के भौतिक सत्यापन कार्य में आ रही विभिन्न व्यवहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का ठोस एवं व्यवहारिक समाधान नहीं किए जाने से नाराज पटवारी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। जिले में पटवारियों की कुल संख्या 130 है और सभी के हड़ताल पर चले जाने से जाति, आमदनी, निवास व किसान पंजीयन जैसे मूलभूत कार्यों पर भी रोक लग गई है।
पीवी एप में आ रही व्यवहारिक समस्याओं का शिकायत के बाद भी निराकरण नहीं होने के के विरोध में जिले भर के पटवारी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। पटवारियों का कहना है कि शासन-प्रशासन द्वारा मांग पूरा नहीं किए जाने तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। धरने पर बैठे पटवारियों ने बताया कि वर्तमान में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन, किसान पंजीयन, बकेट क्लेम, जनगणना प्रथम चरण, लघु सिंचाई संगणना, रेल्वे सर्वे, एन एच सर्वे, आय, जाति, निवास जैसे कार्यों को वे प्राथमिकता से कर रहे हैं। पटवारियों की हड़ताल का मंगलवार को पहला दिन था, जिसकी जानकारी पक्षकारों को नहीं थी, जिससे वे कार्यालय का चक्कर लगाते रहे व बिना काम पूरा किए ही उन्हें घर लौटना पड़ा।
जारी रहेगी हड़ताल
पीवी एप की व्यवहारिक समस्याओं के निराकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर जिले भर के पटवारी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। इसके कारण गांव-गांव में जाति, आमदनी, निवास व किसान पंजीयन जैसे जमीनी स्तर के कार्य ठप हो चुके हैं। शासन-प्रशासन द्वारा मांगें नहीं माने जाने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी।
– विजय भारत साहू, जिलाध्यक्ष पटवारी संघ






