मंदिरों में उमड़ रहे श्रद्धालु, दूसरे प्रांतों से भी पहुंच रहे भक्त; शक्तिपीठों के दर्शन के लिए ट्रेनों में भीड़
भाटापारा। शारदीय नवरात्रि पर्व पर क्षेत्र के देवी मंदिरों में आस्था और भक्ति का माहौल है। मंदिरों में हजारों की संख्या में ज्योति-कलश और मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं। मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सिंगारपुर स्थित मां मावली माता मंदिर में करीब 4500 से 4600 ज्योति-कलश प्रज्ज्वलित हैं। यहां भाटापारा शहर सहित आसपास के क्षेत्रों और दूसरे प्रांतों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कई भक्त शहर से करीब 11 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर माता के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।
तरेंगा महामाया मंदिर में 1400 मनोकामना दीप
ग्राम तरेंगा स्थित प्राचीन महामाया मंदिर में भी नवरात्रि पर श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिल रही है। यहां करीब 1392 से 1400 मनोकामना दीप प्रज्ज्वलित किए गए हैं। यह मंदिर दानवीर स्वर्गीय दाऊ कल्याण सिंह की जन्मभूमि ग्राम तरेंगा में स्थित है। वहीं, भाटापारा के बड़े शीतला माता मंदिर में भी करीब 1041 से 1100 मनोकामना ज्योत जल रही हैं। इस मंदिर को क्षेत्र के अति प्राचीन मंदिरों में शामिल बताया जाता है।
शहर के मंदिरों में भी विशेष आयोजन
नवरात्रि के अवसर पर हथनीपारा शीतला मंदिर, सिद्धबाबा कालीपीठ, धौराभाठा शीतला मंदिर, कॉलेज गेट शीतला मंदिर, सुभाष बाजार शीतला मंदिर, नेहरू वार्ड शीतला मंदिर, श्री महासती मंदिर और रामसागर वार्ड स्थित दुर्गा मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों में ज्योति-कलश स्थापित किए गए हैं। मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु माता रानी से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है।
शक्तिपीठों के दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालु
नवरात्रि में देश के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों के दर्शन के लिए भी श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ गया है। बड़ी संख्या में भक्त रतनपुर महामाया मंदिर, चतुरगढ़, चंद्रपुर, तुरतुरिया, डोंगरगढ़, मैहर और दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते ट्रेनों में भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं, देवी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं द्वारा चारपहिया वाहनों की विशेष बुकिंग भी कराई जा रही है। नवरात्रि के चलते पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।






