भाटापारा। जिला पंचायत की सीईओ दिव्या अग्रवाल ने मंगलवार को जनपद पंचायत भाटापारा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में वीबी-जीरामजी योजना के तहत चल रहे विकास एवं रोजगारमूलक कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और कार्यस्थलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने नए तालाब निर्माण, सिंचाई नाली निर्माण और पीडीएस भवन निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही, कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
सीईओ दिव्या अग्रवाल ने कहा कि जल संरक्षण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
उन्होंने सिंचाई संबंधी अधोसंरचना को कृषि गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने को कहा।






