बालोद/चिखलाकसा:- नगर पंचायत चिखलाकसा का मुख्यमार्ग मानसून की पहली बरसात में ही जर्जर हो गया है। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और गड्ढे हो जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत मुख्यमार्ग पर स्थित पुल के समीप हो रही है। बरसात का पानी और कीचड़ जमा होने के कारण पुल के दोनों ओर फिसलन बढ़ गई है। इससे दोपहिया वाहन चालक गिर रहे हैं और पैदल चलने वाले लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग भी कीचड़ में फिसलकर गिरने के डर से आवागमन करने से बच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आता है और वर्ष 2026 तक संधारण की जिम्मेदारी तय है। इसके बाद भी सड़क की यह हालत है। ठेकेदार और नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नगरवासियों का कहना है कि अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है। अगर इसी तरह सड़क की स्थिति रही तो आगे चलकर आवागमन पूरी तरह बंद हो जाएगा। जनता ने मांग की नगर पंचायत CMO और PMGSY विभाग से मांग की है कि पुल के समीप और पूरे मुख्यमार्ग पर तत्काल मिट्टी-गिट्टी डालकर कीचड़ हटाया जाए और स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को राहत मिल सके।






