बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम रवान मुख्य सड़क मार्ग पर मंसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक परिवार बलौदाबाजार स्थित पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालने आया हुआ था। काम पूरा होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव खैरताल लौट रहे थे। इसी दौरान थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रवान के पास मंसा चौक पर ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 और मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 M 1744 के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोगों की जान चली गई।
हादसे में पिता-पुत्री सहित तीन की मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
1. निहारिका ध्रुव (16 वर्ष), पिता रामचंद्र ध्रुव।
2. रामचंद्र ध्रुव (39 वर्ष)।
3. टोमेश ध्रुव (12 वर्ष), पिता रामचंद्र ध्रुव।
तीनों मृतक ग्राम खैरताल, थाना भाटापारा ग्रामीण के निवासी थे।
ट्रक चालक गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रक सहित थाना भाटापारा ग्रामीण में हिरासत में रखा गया है। वहीं, तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाए गए हैं।
एक ही परिवार में पसरा मातम
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सड़क हादसे में मौत की खबर से गांव खैरताल सहित पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार में कुछ देर पहले तक खुशियां थीं, वहां अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।









