डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी सांस्कृतिक सभागार में गुरुवार देर रात उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा के गले में बिजली का तार लिपटा मिला।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत ने सभागार को एक माह के लिए ‘दिल्ली बाजार’ नाम से
व्यापारी को दुकान के रूप में किराए पर दिया था। दुकान संचालित करते समय व्यापारी ने बिजली कनेक्शन लेने के लिए प्रतिमा के गले में तार लपेट दिया। यह दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रतिमा को फांसी पर लटकाया गया हो।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता देर रात मौके पर पहुंचे और जमकर विरोध किया। उन्होंने इसे महापुरुष का अपमान बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दुकान को बंद करा दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के समय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष टिकेश साहू, डॉ. नीरेंद्र साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संध्या साहू, पूर्व उपाध्यक्ष वीरेंद्र बोरकर, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष रोशन यदु और पूर्व पार्षद संजय मुटकुरे सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार की मौजूदगी में थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर ने प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





