बलौदाबाजार भाटापारा,छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने पारंपरिक लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 शुरू की है। योजना के तहत चयनित पात्र लोक कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।
योजना के तहत नृत्य, संगीत, लोकनाट्य, लोकगाथा, गीतकार, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प, पारंपरिक पाख एवं सौंदर्य कला सहित विभिन्न लोक एवं पारंपरिक विधाओं से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक की वार्षिक आय 96 हजार रुपए से कम होना जरूरी है। साथ ही चिन्हारी पोर्टल पर कलाकार के रूप में पंजीयन और वैध आय प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकृत डाक या स्पीड पोस्ट से संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, मल्टीलेवल पार्किंग, द्वितीय तल, सेक्टर-24, नवा रायपुर, अटल नगर, छत्तीसगढ़ के पते पर भेज सकते हैं। आवेदन के साथ तहसीलदार या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी चालू वर्ष का आय प्रमाण पत्र, चिन्हारी पोर्टल पर कलाकार पंजीयन की प्रति, छत्तीसगढ़ मूल निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करनी होगी। बैंक खाते का क्रमांक और आईएफएससी कोड स्पष्ट होना चाहिए। इसके अलावा कला-विधा से संबंधित प्रमाण-पत्र, प्रस्तुति का प्रमाण, फोटो अथवा उपलब्ध अन्य संबंधित दस्तावेज भी लगाए जा सकते हैं। सभी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां प्रस्तुत करना अनिवार्य है।














