Tuesday, February 24, 2026
More

    फुटबॉल मैदान फिर लौटा अपनी असली पहचान पर, अतिक्रमण हटा तो मैदान में लौटी रौनक

    डोंगरगांव (दीपक अवस्थी )।डोंगरगांव नगर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक जेंट्स क्लब मैदान, जहाँ एक दौर में राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल मुकाबले हुआ करते थे, अब वर्षों बाद फिर से खेल की धड़कनों से गूंजने जा रहा है। वर्षों तक अतिक्रमण की चपेट में रहा यह मैदान शनिवार को नगर प्रशासन की सख्त कार्रवाई के बाद फिर से खेल गतिविधियों के लिए खाली कराया गया।

    पिछले कुछ वर्षों से यह मैदान सब्जी बाजार में तब्दील हो चुका था। बाहर पसरा लगाने की होड़ में व्यापारियों ने धीरे-धीरे मैदान और सड़क दोनों को घेर लिया था, जिससे खेल गतिविधियाँ पूरी तरह ठप हो गई थीं। खरीदार भी बाजार के भीतर नहीं पहुंच पा रहे थे, और मैदान की हालत देख फुटबॉल खिलाड़ियों ने मैदान की ओर देखना ही छोड़ दिया था।

    लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। नगर प्रशासन ने कमर कसते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। तहसीलदार पी.एल. नाग, सीएमओ विनम्र जेमा, थाना प्रभारी अविनेश श्रीवास, जनप्रतिनिधियों और पुलिस बल की मौजूदगी में मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

    सब्जी विक्रेताओं को अब इंदिरा गार्डन परिसर के भीतर निर्धारित स्थान पर व्यापार करने को कहा गया है। प्रशासन ने साफ निर्देश दिया है कि भविष्य में कोई भी दुकानदार मैदान में पसरा नहीं लगाएगा।

    इस दौरान नगर प्रशासन ने एक और अहम निर्णय लिया — फुटबॉल खिलाड़ियों को मैदान में नियमित रूप से अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया ताकि मैदान खेल के लिए जीवित रहे और उस पर दोबारा कोई अतिक्रमण न हो।

    स्थानीय खिलाड़ी और युवा इस पहल से खासे उत्साहित हैं। एक खिलाड़ी ने कहा, “ये मैदान सिर्फ ज़मीन का टुकड़ा नहीं, हमारी यादें और उम्मीदें हैं। अब हम फिर से इसे जीवित रखेंगे।”

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!