बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने सरकार पर साधा निशाना

जियाउल खान ,अंबिकापुर / सरगुजा । बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। स्थानीय राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद लगातार बिजली बिल में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय संचालित 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को बंद कर दिया गया है। साथ ही प्रदेशभर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आने की शिकायतें मिल रही हैं।

आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने बताया कि कांग्रेस अगले दो महीने तक इस मुद्दे को लेकर जनआंदोलन चलाएगी और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाएगी। उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—बिजली बिल में बढ़ोतरी वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर हटाए जाएं और बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू किया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस भविष्य में मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर व्यापक आंदोलन करेगी।

Hot Topics

Related Articles