बलरामपुर: जिले के त्रिकुंड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। ग्राम पंचायत कुमीहा के शासकीय विद्यालय में पदस्थ हेडमास्टर जयकरन जगते की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, जयकरन जगते प्रतिदिन की तरह विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंड थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराने जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के वास्तविक कारण और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।






