बाइक अनियंत्रित होकर खेत में घुसी, युवक की मौत:बलौदाबाजार में ड्यूटी पर जाते समय हादसा; इधर तालाब में डूबने से बुजुर्ग महिला की मौत

बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 42 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मिथलेश ध्रुव पिता बलिराम छेदैया, निवासी ग्राम ठेलकी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मिथलेश बुधवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच बाइक से ड्यूटी के लिए घर से निकला था। वह भारुवाडीह जा रहा था। इसी दौरान खम्हरिया और ठेलकी के बीच उसकी बाइक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। रात होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा।

पुलिस कर रही मामले की जांच

वरिष्ठ थानेदार प्रियस जान ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर खेत में जा घुसी थी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दशहरा देखकर लौटी बुजुर्ग महिला की तालाब में डूबने से मौत

वहीं, पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम देवसुंद्रा में दशहरा उत्सव देखने के बाद तालाब में नहाने गई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की डूबने से मौत हो गई। मृतिका की पहचान बिटावान बाई साहू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, गांव में दशहरा उत्सव का आयोजन था। बुजुर्ग महिला उत्सव देखने के बाद घर लौटी। इसके बाद रोज की तरह शाम को नहाने के लिए घर से करीब 200 मीटर दूर दतान मार्ग स्थित खलबोरा तालाब गई। देर तक घर नहीं लौटने पर बेटा संतोष और परिवार के अन्य लोग उसकी तलाश में जुट गए।

तालाब के घाट पर मिले कपड़े और लाठी

परिवार के लोगों को तालाब के घाट पर महिला के कपड़े और लाठी रखे मिले। इससे उसके डूबने की आशंका हुई। परिजनों ने रात में ही तालाब में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह नहीं मिली। परिवार के लोग रातभर परेशान रहे और सुबह होने का इंतजार करते रहे।

सुबह दूसरे छोर पर मिली लाश

अगली सुबह तालाब के दूसरे छोर पर महिला का शव पानी में तैरता मिला। सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

रोज सुबह-शाम नहाने जाती थी महिला

ग्रामीण हुलास वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग महिला रोजाना सुबह और शाम तालाब में नहाने जाती थी। दशहरा उत्सव देखने के बाद वह घर लौटी और फिर नहाने तालाब चली गई। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश की गई। घाट पर कपड़े और लाठी मिलने के बाद तालाब में खोजबीन की गई, लेकिन रात में वह नहीं मिली। सुबह दूसरे छोर पर उसका शव तैरता मिला।

पानी में डूबने से हुई मौत

थाना प्रभारी रागनी राय ने बताया कि देवसुंद्रा में बुजुर्ग महिला की तालाब में डूबने से मौत की सूचना मिली थी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है।

पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. उमरताज कुरैशी ने बताया कि बुजुर्ग महिला की मौत पानी में डूबने से हुई है।

 

Hot Topics

Related Articles