एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों ने लिया हिस्सा, आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का किया गया व्यावहारिक प्रदर्शन
बलौदाबाजार, 24 नवंबर 2026। बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान त्वरित बचाव और राहत कार्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पलारी स्थित बालसमुंद जलाशय में जिला स्तरीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस मॉक एक्सरसाइज में एनडीआरएफ कमांड, एसडीआरएफ टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान दो अलग-अलग परिस्थितियों में बचाव अभियान का अभ्यास किया गया। पहले अभ्यास में भारी बारिश के कारण बाढ़ से चारों ओर पानी से घिरे एक टापू पर ग्रामीणों के फंसने की स्थिति बनाई गई। वहीं दूसरे अभ्यास में नदी में डूब रहे एक ग्रामीण को सुरक्षित बाहर निकालने का रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
टापू में ग्रामीणों के फंसे होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन टीम ने तत्काल संबंधित बचाव दलों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की टीम लाइफ जैकेट एवं आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मोटर बोट से रेस्क्यू के लिए रवाना हुई। टीम ने टापू पर पहुंचकर फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित मोटर बोट में बैठाया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आपदा के समय घायल एवं प्रभावित व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। पानी में डूबने वाले व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
आपसी समन्वय से त्वरित राहत एवं बचाव का प्रदर्शन
मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आपदा एवं राहत कार्यों को व्यवस्थित, त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित करने का व्यावहारिक अभ्यास किया गया। इसमें रेस्क्यू अभियान, प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, प्राथमिक उपचार, भोजन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही आपदा प्रभावित लोगों को मानसिक संबल प्रदान करने तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को बाढ़ एवं अन्य आपदाओं से बचाव के उपायों, सुरक्षा सावधानियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में संबंधित विभागों को सूचना देने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
मॉक ड्रिल को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान अपर कलेक्टर ए.आर. टंडन, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।












