सड़क पर गिरा 3 लाख रुपये से भरा बैग, CCTV की मदद से बिलासपुर पुलिस ने खोज निकाला; व्यापारी को लौटाई रकम

एक्टिवा से मामा-भांजा तालाब के पास गिरा था नकदी से भरा बैग, CCTV फुटेज खंगालकर ऑटो चालक तक पहुंची पुलिस

बिलासपुर, 24 नवंबर 2026। बिलासपुर पुलिस की तत्परता और शहर में लगे CCTV कैमरों की मदद से सड़क पर गिरे करीब 3 लाख रुपये नकद से भरे बैग को सुरक्षित उसके मालिक तक पहुंचा दिया गया। पुराना हाईकोर्ट से व्यापार विहार जाते समय एक व्यापारी का बैग एक्टिवा से गिर गया था। पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों के CCTV फुटेज खंगालकर बैग का पता लगाया और उसे व्यापारी को वापस सौंप दिया।

  • दुकान जाते समय रास्ते में गिरा नकदी से भरा बैग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे नरेंद्र छुगानी, निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, थाना सिटी कोतवाली ने थाने पहुंचकर बैग गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। वे व्यापार विहार एवं तिफरा मंडी में दीपक आलू भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं।

उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे वे अपनी एक्टिवा से दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान टिकरापारा स्थित मामा-भांजा तालाब के पास एक्टिवा में रखा बैग सड़क पर गिर गया। बैग में करीब 3 लाख रुपये नकद रखे हुए थे।

  • CCTV फुटेज से मिला सुराग, ऑटो चालक तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को इसकी जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने ITMS बिल्डिंग सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान फुटेज में एक मोटरसाइकिल चालक सड़क पर पड़े बैग को उठाकर एक ऑटो चालक को देते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने ऑटो के नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से वाहन मालिक की जानकारी जुटाई और ऑटो चालक तक पहुंच गई।

  • सुरक्षित मिला बैग, व्यापारी को लौटाई गई पूरी रकम

पुलिस ने ऑटो चालक को थाने बुलाकर बैग के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसे बैग रास्ते में गिरा हुआ मिला था। इसके बाद उसने बैग पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने व्यापारी को थाने बुलाकर बैग सही-सलामत वापस सौंप दिया।

इस तरह CCTV कैमरों की निगरानी, पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी से व्यापारी को बड़ी आर्थिक राहत मिली। घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सड़क पर किसी का सामान मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपना चाहिए, ताकि वह सही मालिक तक पहुंच सके।

Hot Topics

Related Articles