बारिश का कहर: मुंगवाल में किसान की धान फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग

रमेश सलाम, कोण्डागांव। जिला मुख्यालय से लगभग 33 किलोमीटर के दायरे में आने वाले संवेदनशील क्षेत्र ग्राम पंचायत मुंगवाल में लगातार तीन दिनों तक हुई झमाझम बारिश ने किसान की धान फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है।

ग्राम मुंगवाल निवासी किसान आसाराम कोर्राम पिता सुकराम कोर्राम, उम्र 34 वर्ष ने बताया कि उनकी धान की फसल निकालने के समय पर थी। इसी दौरान लगातार बारिश होने से खेत में पानी भर गया और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। तेज बहाव के कारण खेत की मेड़ भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

बारिश के बाद खेत में मिट्टी और रेत की मोटी परत जम गई, जिससे धान की अधिकांश फसल पूरी तरह दबकर बर्बाद हो गई। किसान के अनुसार जो थोड़ी फसल बची थी, उसमें भी कालापन आ गया है, जिससे वह भी खराब हो गई।

किसान आसाराम कोर्राम ने प्रशासन और सरकार से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि नुकसान के बाद परिवार का जीवन-यापन हो सके।

Hot Topics

Related Articles