बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद-धमतरी मुख्य मार्ग (NH-930) पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम करहीभदर मोड़ के पास यात्रियों और कर्मचारियों से भरी एक निजी बस बेकाबू होकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 25 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयावह था कि बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, मोड़ पर नहीं संभला वाहनमिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस धमतरी की डीआरडी (DRD) कंपनी की है, जिसका नंबर CG 04 JC 1253 है। शनिवार सुबह यह बस बालोद से बड़ी संख्या में कंपनी के कर्मचारियों और आम यात्रियों को लेकर धमतरी की ओर रवाना हुई थी। बस में क्षमता से अधिक यानी 35 से भी ज्यादा लोग सवार थे। जैसे ही बस करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के समीप पहुंची, तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले के पास पलट गई।स्थानीय ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य,
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी और खुद भी राहत कार्य में जुट गए। बस के शीशे तोड़कर भीतर फंसे घायल और डरे हुए यात्रियों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला।घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्तीपुलिस प्रशासन की मदद से सभी घायल यात्रियों को तुरंत पास के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घायलों में कुछ लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वहीं, इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बस के कंडक्टर के रूप में हुई है, जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
लापरवाही और ओवरलोडिंग की जांच में जुटी पुलिसशुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह बस की अत्यधिक रफ्तार और क्षमता से अधिक सवारियां भरना माना जा रहा है। बालोद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।








