बिजली बंद होने का मैसेज नहीं आ रहा, उपभोक्ता परेशान

भाटापारा/ शहर में इन दिनों बिजली गुल होना आम बात हो गई है। मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार बिजली बंद होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली बंद होने की पूर्व सूचना देने के लिए बिजली विभाग द्वारा भेजे जाने वाले एसएमएस की व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है।

उपभोक्ताओं के मुताबिक, बिजली विभाग के पास अधिकांश उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर दर्ज हैं। बिजली बंद होने से पहले एसएमएस के माध्यम से इसकी सूचना दिए जाने की व्यवस्था भी है, ताकि लोग आवश्यक काम पहले ही निपटा सकें। लेकिन पिछले कुछ समय से यह व्यवस्था ठीक तरह से काम नहीं कर रही है। कई मामलों में बिजली गुल होने से पहले उपभोक्ताओं के मोबाइल पर कोई सूचना नहीं पहुंचती। इसके बजाय बिजली बहाल होने के घंटों बाद बिजली बंद रहने का मैसेज प्राप्त हो रहा है।

इससे उपभोक्ताओं को अचानक बिजली बंद होने के कारण कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर व्यापारी, छोटे उद्योग संचालक, विद्यार्थी और ऑनलाइन काम करने वाले लोगों के लिए बिना पूर्व सूचना बिजली बंद होना परेशानी का कारण बन रहा है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग को मेंटेनेंस कार्य और बिजली कटौती की जानकारी समय रहते एसएमएस के जरिए उपलब्ध करानी चाहिए। यदि तकनीकी कारणों से संदेश समय पर नहीं पहुंच रहे हैं तो विभाग को इसकी व्यवस्था दुरुस्त करने की जरूरत है।

शहर में बार-बार बिजली गुल होने को लेकर भी उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था का यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से निर्बाध आपूर्ति के साथ ही बिजली कटौती की पूर्व सूचना देने वाली एसएमएस व्यवस्था को भी दुरुस्त करने की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles