ग्राम केसला में विधायक इंद्र साव ने किया कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, महतारी सदन का लोकार्पण और रंगमंच निर्माण का भूमिपूजन

भाटापारा। ग्राम केसला में विभिन्न विकास एवं सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इनमें विधायक इंद्र साव ने बतौर अतिथि शामिल होकर ग्रामीणों और युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
जय सिंहासन पाठ युवा गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में विधायक इंद्र साव ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके खेल कौशल एवं उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता है।
इसके बाद विधायक ने ग्राम केसला में नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण कर इसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। महतारी सदन का उपयोग महिलाओं की विभिन्न गतिविधियों, बैठकों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा। इस अवसर पर सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
वहीं विधायक इंद्र साव ने ग्राम केसला में रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रंगमंच के निर्माण से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Hot Topics

Related Articles