हॉस्टल पहुंचे कलेक्टर, अधीक्षक गायब मिले; वाटर कूलर खराब, सफाई व्यवस्था भी बदहाल

बलौदाबाजार। सरकारी संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शनिवार को बलौदाबाजार विकासखंड के रसेड़ा और डमरू गांव का दौरा किया। इस दौरान रसेड़ा स्थित शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के औचक निरीक्षण में अधीक्षक लवकेश निराला अनुपस्थित मिले। छात्रावास में वाटर कूलर खराब होने के साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था में भी कमी पाई गई।

कलेक्टर ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए छात्रावास अधीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास में मौजूद छात्रों से अधीक्षक के नियमित रूप से छात्रावास में रहने, भोजन की गुणवत्ता, कमरों की सफाई, स्कूल ड्रेस और पुस्तकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रसोई, भंडार कक्ष और शयन कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने रसोइये से प्रतिदिन के मेन्यू के साथ सब्जी और चावल की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्रों के बेडशीट की हर सप्ताह धुलाई कराने और छात्रावास में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बुजुर्ग ने चश्मे की जरूरत बताई, कलेक्टर ने दिए तत्काल निर्देश

छात्रावास निरीक्षण के दौरान बातचीत में द्वारका प्रसाद ने चश्मे की आवश्यकता बताई। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को तत्काल चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ग्राम डमरू स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। बीपी जांच कराने पहुंचे बुजुर्ग द्वारका प्रसाद से कलेक्टर ने बातचीत कर उनका हालचाल जाना और मौके पर ही उनका रक्तचाप भी जांच कराया।

Hot Topics

Related Articles