संदीप मुंगेली/लोरमी। जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत ग्राम बोड़तरा कला स्थित सेवा सहकारी समिति एवं नवीन उपार्जन केंद्र में कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। समिति में कथित अनियमित तरीके से कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति किए जाने का आरोप लगाते हुए दिलेश्वर कुमार ने संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक सहकारिता संस्थाएं संभाग बिलासपुर को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समिति के अध्यक्ष, प्रबंधक एवं सीईओ द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति बिना उच्च कार्यालय की अनुमति, बिना विज्ञापन जारी किए और बिना किसी सार्वजनिक भर्ती प्रक्रिया के कर दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि न तो पद के लिए विज्ञापन निकाला गया और न ही समिति में विधिवत मुनादी कराई गई। इसके बावजूद कथित तौर पर अपने रिश्तेदार को कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कर दिया गया।
शिकायतकर्ता दिलेश्वर कुमार का कहना है कि सेवा सहकारी समिति एक सार्वजनिक संस्था है, जहां भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता होना अनिवार्य है। लेकिन यहां नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से नियुक्ति की गई, जिससे योग्य और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों का हनन हुआ है। गांव के कई युवक जो इस पद के लिए पात्र थे, उन्हें आवेदन करने का मौका ही नहीं दिया गया।
इस मामले को लेकर गांव में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उपार्जन केंद्र में किसानों के हित से जुड़े कार्य होते हैं, ऐसे में वहां की नियुक्तियों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है। अगर आरोप सही हैं तो यह गंभीर अनियमितता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
शिकायत में दिलेश्वर कुमार ने मांग की है कि सहकारिता विभाग के अधिकारी इस पूरी नियुक्ति प्रक्रिया की जांच करें। यह पता लगाया जाए कि नियुक्ति के लिए उच्च कार्यालय से अनुमति ली गई थी या नहीं, विज्ञापन या मुनादी कराई गई थी या नहीं, और नियुक्त व्यक्ति की योग्यता व चयन प्रक्रिया क्या थी। यदि नियुक्ति नियम विरुद्ध पाई जाती है तो उसे तत्काल निरस्त कर नियमानुसार पुनः भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं इस मामले में समिति प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। सहकारिता विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस शिकायत के बाद बोड़तरा कला सोसायटी की यह नियुक्ति पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गई है। अब सभी की नजर सहकारिता विभाग की जांच पर टिकी है।












