भाटापारा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भाटापारा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिवाकर मिश्रा के नेतृत्व में देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाटापारा विधायक इंद्र साव सहित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक इंद्र साव ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी भारतीय राजनीति की महान शख्सियत थीं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोपरि रखते हुए अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया। अपने दृढ़ नेतृत्व, साहसिक निर्णयों और दूरदर्शी सोच से उन्होंने देश को नई दिशा प्रदान की।
विधायक साव ने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन संघर्ष, साहस और जनसेवा की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने गरीबों, मजदूरों, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। देश के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाता रहेगा। उनकी जयंती हमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प को मजबूत करने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम को पूर्व श्रम मंडल सदस्य आलोक मिश्रा एवं पूर्व सिंधी एकेडमी सदस्य रोशन हबलानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के जीवन, उनके राजनीतिक सफर और राष्ट्र के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, राजकुमार शर्मा, अजय ठाकुर, नानू सोनी, प्रेमलता दुबे, मुकेश साहू, अशोक ध्रुव, सचिन्द्र शर्मा, अय्यूब बांठिया, ओमप्रकाश यदु, पुनीत मानिकपुरी, मनमोहन कुर्रे, नवीन बख्श, मोहन निषाद, प्रमेंद्र तिवारी, विमल शर्मा, गिरीश पारप्यानी, शेष नारायण यदु, विजय महिलांगे, आकिब मेमन, दानी भाट, पूर्णिमा श्रीवास, हंसराज बंसल, ऋषभ जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्व. इंदिरा गांधी के आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।












