गिधपुरी शराब दुकान में ₹20.46 लाख की गड़बड़ी, सुपरवाइजर फरार, गिधपुरी थाने में FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

बलौदाबाजार गिधपुरी थाने में FIR दर्ज;

बलौदाबाजार के सरकारी शराब दुकान की बिक्री के लाखों रुपए का हिसाब नहीं मिलने का मामला सामने आया है। गिधपुरी स्थित शासकीय देशी-विदेशी मदिरा कम्पोजिट दुकान के सुपरवाइजर गेवेंद्र बंजारे पर 20 लाख 46 हजार 730 रुपए की बिक्री राशि का हिसाब नहीं देने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब छह दिनों से लापता है। हैरानी की बात यह है कि गेवेंद्र को शराब दुकान में काम करते हुए महज दो महीने ही हुए थे। वह पलारी के वार्ड क्रमांक 12 का निवासी है और भाजपा मंडल युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष भी बताया जा रहा है।

बिक्री की रकम जमा नहीं होने पर हुआ खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ, जब शराब दुकान की बिक्री राशि और बैंक में जमा रकम का मिलान किया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों को बिक्री की रकम बैंक में जमा नहीं होने की जानकारी मिली तो उन्होंने सुपरवाइजर से संपर्क किया। शुरुआत में उसने रकम जमा करने की बात कही, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद हो गया। लगातार संपर्क करने के प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।

इसके बाद 13 नवंबर को कंपनी की टीम ने आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक मनराखन नेताम की मौजूदगी में दुकान के बिक्री रिकॉर्ड और बैंक में जमा राशि का मिलान किया। जांच में 1 से 13 नवंबर तक की बिक्री और जमा रकम में बड़ा अंतर सामने आया।

देशी और विदेशी शराब की बिक्री में मिली गड़बड़ी

रिकॉर्ड की जांच में देशी शराब की बिक्री में 10 लाख 53 हजार 310 रुपए, विदेशी शराब की बिक्री में 7 लाख 65 हजार 270 रुपए और विदेशी मदिरा की एमआरपी बिक्री में 2 लाख 28 हजार 150 रुपए की गड़बड़ी पाई गई। इन तीनों मदों की कुल राशि 20 लाख 46 हजार 730 रुपए है।

कंपनी के जिला समन्वयक ने दर्ज कराई शिकायत

कंपनी के जिला समन्वयक रजनीश प्रसाद साहू ने 16 नवंबर को गिधपुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी गेवेंद्र बंजारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

आबकारी उपनिरीक्षक मनराखन नेताम ने बताया कि गिधपुरी शराब दुकान का सुपरवाइजर बिक्री के 20 लाख रुपए से अधिक की राशि लेकर फरार हो गया है। मामले में हिसाब-किताब की जांच की गई है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

वहीं, थाना प्रभारी हेमंत साहू के अनुसार, 20 लाख 46 हजार 730 रुपए की गड़बड़ी को लेकर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अब जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि महज दो महीने पहले नौकरी पर आए सुपरवाइजर के पास बिक्री राशि के प्रबंधन और जमा करने की जिम्मेदारी कैसे थी और इतनी बड़ी रकम के हिसाब में गड़बड़ी कैसे हुई। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

 

Hot Topics

Related Articles