कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर
मंगला के आजाद चौक के आगे पटवारी तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास आनलाइन सट्टा खिलाने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित के कब्जे से दो मोबाइल, एक हजार रुपये नकद और आनलाइन कैसीनो गेम के स्क्रीनशाट जब्त किए हैं। आरोपित और उसके साथियों के खिलाफ जुआ एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसीसीयू की टीम को नौ अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मिनोचा कालोनी में रहने वाली दीपक इदनानी(28) राधा-कृष्ण मंदिर के पास मोबाइल के माध्यम से आनलाइन सट्टा खिला रहा है। इस पर सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां दीपक मोबाइल के जरिए आनलाइन आल पैनल कैसीनो गेम में सट्टा खिलाते मिला।
पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि बिल्हा निवासी प्रकाश जसवानी उसे सट्टा खिलाने के लिए आइडी उपलब्ध कराता था, जबकि महाराष्ट्र के नागपुर में रहने वाले धीरू आडवानी आनलाइन सट्टे की साइट उपलब्ध कराता था। तीनों मिलकर सट्टे से प्राप्त रकम में अपना-अपना कमीशन बांटते थे।
पुलिस ने दीपक के कब्जे से दो मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 7(1) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया है। प्रकाश जसवानी और धीरू आडवानी की तलाश जारी है।






